बी ए - एम ए >> बीए बीएससी सेमेस्टर-4 शारीरिक शिक्षा बीए बीएससी सेमेस्टर-4 शारीरिक शिक्षासरल प्रश्नोत्तर समूह
|
5 पाठक हैं |
बीए बीएससी सेमेस्टर-4 शारीरिक शिक्षा - सरल प्रश्नोत्तर
प्रश्न- अधिगम स्थानान्तरण में शिक्षक की भूमिका स्पष्ट कीजिए।
उत्तर-
शिक्षक कक्षा में ज्ञान देता है, कौशल, अनुप्रयोग, निर्णय शक्ति आदि गुणों को विकसित करता है, अतः सीखने के स्थानान्तरण के कौशल का विकास छात्रों में किया जाना आवश्यक है।
फ्रेंडसन के शब्दों में - "स्थानान्तरण, अधिगम की कुशलता पर महत्त्वपूर्ण प्रभाव डालने वाला व्यापक कारक है।"
इस उद्धरण से स्पष्ट होता है कि बालकों की अधिगम कुशलता में वृद्धि करने के लिए उनको स्थानान्तरण से पूर्णतया परिचित कराया जाना आवश्यक है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए शिक्षक को ये कार्य करने चाहिए-
(1) स्थानान्तरण को प्रभावित करने वाला पहला कारक (तत्व) है - सामान्यीकरण। अतः शिक्षक को बालकों को अपने अध्ययन के विषयों के सामान्य सिद्धान्त निकालने की विधियाँ बतानी चाहिए।
(2) स्थानान्तरण को प्रभावित करने वाला दूसरा कारक है - अर्जित ज्ञान का विभिन्न परिस्थितियों में प्रयोग। अतः शिक्षक को बालकों को अपने ज्ञान का प्रयोग करने के लिए अधिक से अधिक परिस्थितियाँ प्रदान करनी चाहिए।
(3) मर्सेल के अनुसार स्थानान्तरण को प्रभावित करने वाला तीसरा कारक है - समझदारी। अतः शिक्षक को बालकों में इस गुण का विकास करने का प्रयत्न करना चाहिए।
(4) स्थानान्तरण को प्रभावित करने वाला चौथा कारक है - विषयों की समानता। अतः शिक्षक को अपने शिक्षण के समय पाठ्य विषय में आने वाले तथ्यों की दूसरे विषयों के तथ्यों से समानता बतानी चाहिए। साथ ही, उसे बालकों को इस प्रकार की समानता की खोज करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
(5) स्थानान्तरण को प्रभावित करने वाला पाँचवाँ कारक है - अध्ययन की विधियाँ। अतः शिक्षक को बालकों को अध्ययन की सर्वोत्तम विधियाँ बतानी चाहिए।
(6) स्थानान्तरण को प्रभावित करने वाला छठां कारक है - बालकों की मानसिक योग्यता। अतः शिक्षक को प्रत्येक सम्भव विधि से उनकी मानसिक योग्यता के विकास में योग देना चाहिए।
(7) फ्रैंडसन के अनुसार - स्थानान्तरण को प्रभावित करने वाला सातवाँ कारक है - बालकों की व्यक्तिगत विभिन्नताएँ। अतः शिक्षक को इन विभिन्नताओं के अनुसार पाठ्यक्रम का निर्माण और शिक्षण विधियों का चयन करना चाहिए।
(8) स्थानान्तरण को प्रभावित करने वाला सबसे महत्वपूर्ण आठवाँ कारक है - स्थानान्तरण में प्रशिक्षण। अतः शिक्षक को बालकों को यह प्रशिक्षण नियमित रूप से देना चाहिए। स्किनर के शब्दों में - "अधिगम स्थानान्तरण की शिक्षा के लिए विचारपूर्ण तैयारी और पाठों के विकास की आवश्यकता है।"
|