बी ए - एम ए >> बीए बीएससी सेमेस्टर-4 शारीरिक शिक्षा बीए बीएससी सेमेस्टर-4 शारीरिक शिक्षासरल प्रश्नोत्तर समूह
|
5 पाठक हैं |
बीए बीएससी सेमेस्टर-4 शारीरिक शिक्षा - सरल प्रश्नोत्तर
प्रश्न- भारतीय परम्परागत खेल 'गुट्टे' पर एक टिप्पणी लिखिए।
उत्तर-
गुट्टे भारत के ग्रामीण तथा अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में खेला जाने वाला एक परम्परागत खेल है। यह खेल पत्थर के छोटे-छोटे टुकड़ों की सहायता से खेला जाता है। पत्थर के ये टुकड़े ग्रामीण क्षेत्रों ' में बिना किसी लागत के मिल जाते हैं। पत्थर के इन छोटे-छोटे टुकड़ों को ही गुट्टे कहा जाता है। इसमें एक निश्चित संख्या में गुट्टे रखे जाते हैं। खिलाड़ी अपनी बारी आने पर सभी गुट्टे एक हाथ से हवा में उछालता है तथा उसी हाथ की उल्टी हथेली पर गुट्टे रोकने का प्रयास करता है। उल्टी हथेली पर आये गुट्टों को बिना गिराये सीधी हथेली पर लेता है। इसके बाद वह एक गुट्टे को हवा में उछालता है। जब तक गुट्टा हवा में रहता है तब तक बड़ी ही सतर्कता से जमीन पर पड़े गुट्टों को उठाने का प्रयास करता है और साथ ही उसी हाथ से उछाले हुए गुट्टे को पकड़ता है। इस प्रकार हथेली में आये गुट्टों को दो या तीन की संख्या में अपने पास एकत्रित करता है। इस प्रक्रिया को वह बार-बार करता है। जब तक कि उससे फाउल न हो जाये या सभी गुट्टे एकत्रित न कर ले। इस प्रकार से जो खिलाड़ी अधिक संख्या में गुट्टे एकत्रित करता है वह विजेता होता है। आधुनिकता के दौर में नये-नये खेलों का चलन बढ़ा है जिससे गुट्टे जैसा परम्परागत खेल विलुप्त होने की कगार पर पहुँच गया है। इसे संरक्षित करने की आवश्यकता है क्योंकि यह न सिर्फ मनोरंजक खेल है बल्कि इससे हाथ और आँख का समन्वय, एकाग्रता तथा सामाजिक समन्वय को स्थापित करने में मदद मिलती है।
|