बी ए - एम ए >> बीए बीएससी सेमेस्टर-4 शारीरिक शिक्षा बीए बीएससी सेमेस्टर-4 शारीरिक शिक्षासरल प्रश्नोत्तर समूह
|
5 पाठक हैं |
बीए बीएससी सेमेस्टर-4 शारीरिक शिक्षा - सरल प्रश्नोत्तर
अध्याय - 1
खेल मनोविज्ञान का अर्थ, महत्व और क्षेत्र
(Meaning, Importance and Scope of Sport Psychology)
प्रश्न- खेल मनोविज्ञान से आप क्या समझते हैं? इसके अर्थ को स्पष्ट कीजिए।
अथवा
खेल मनोविज्ञान क्या है? इसके अर्थ को परिभाषित कीजिए।
उत्तर-
खेल मनोविज्ञान शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में एक नवीन सम्प्रत्यय है जिसमें खेल और खिलाड़ी के प्रदर्शन को प्रभावित करने वाले कारकों का अध्ययन किया जाता है। अध्ययन का उद्देश्य खिलाड़ी की मानसिक स्थिति को मजबूत कर उसके प्रदर्शन को बेहतर करना होता है।
खेल मनोविज्ञान का शाब्दिक अर्थ - खेल मनोविज्ञान दो शब्दों खेल और मनोविज्ञान के योग से बना है जिसमें खेल शब्द अंग्रेजी भाषा के Sport शब्द का हिन्दी रूपान्तरण है अंग्रेजी भाषा का Sport शब्द पुरानी फ्रेंच भाषा के शब्द Desport से बना है जिसका अर्थ होता है "Leisure' अर्थात् फुरसत का समय या अनुभव की गुणवत्ता। मनोविज्ञान शब्द Psychology शब्द का रूपान्तरण है Psychology शब्द दो शब्दों 'Psyche' तथा Logos के मेल से बना है। Psyche का अर्थ है- आत्मा या मन और Logos' का अर्थ है बातचीत करना। अर्थात Psychology का अर्थ हुआ आत्मा या मन के सम्बन्ध में विचार करना। मनोविज्ञान का अर्थ समय के साथ बदलता रहा है। मनोविज्ञान के अर्थ को पिल्सबरी महोदय ने अधिक वैज्ञानिक तरीके से प्रस्तुत किया- "मनोविज्ञान की सबसे सन्तोषप्रद परिभाषा यह हो सकती है कि यह मानव-व्यवहार का अध्ययन है"। इस प्रकार खेल मनोविज्ञान खिलाड़ी की मानसिक स्थिति, उसे प्रभावित करने वाले कारकों तथा प्रदर्शन के मध्य सम्बन्ध के अध्ययन का विज्ञान है। प्रारम्भ में खेल मनोरंजन केन्द्रित हुआ करते थे परन्तु धीरे-धीरे यह परिणाम केन्द्रित हो गयें इससे बड़े-बड़े खेल आयोजन होने लगे। जिसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ती चली जा रही है। इसके साथ ही खिलाड़ियों पर बेहतर प्रदर्शन का दबाव भी बढ़ा है। एक खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तभी कर सकता है जब वह शारीरिक तथा मानसिक रूप से स्वस्थ (मजबूत) हो। खिलाड़ी का मानसिक स्वास्थ्य, व्यवहार में दृढ़ता, भावनाओं को नियंत्रित करने की क्षमता उसके प्रदर्शन को बढ़ाता है। एक खेल मनोवैज्ञानिक खिलाड़ी के प्रदर्शन को बेहतर करने के लिए उसे प्रतियोगिता तथ अभ्यास के दौरान दिशा-निर्देश देता है। जिसके परिणामस्वरूप खिलाड़ी की फिटनेस और कार्यशीलतः विकसित होती है।
खेल मनोविज्ञान की परिभाषा
1. "खेल मनोविज्ञान खेल के मनोवैज्ञानिक आधार, प्रक्रियाओं और प्रभावों का अध्ययन है।' - यूरोपियन फेडरेशन ऑफ स्पोर्ट साइकोलॉजी
2. "खेलों और शारीरिक सरगर्मियों में हर स्तर पर निपुणता बढ़ाने के लिए मनोवैज्ञानिक सिद्धान्तों का प्रयोग करना ही खेल मनोविज्ञान है।" - ब्राउन और मैहोनी
3. "खेल मनोविज्ञान में मनोविज्ञान की वे सभी शाखाएँ शामिल होती हैं जो किसी एथलीट के प्रदर्शन को समझने की योग्यता, इसको सुधारने के सामर्थ्य, खेलों और व्यायामों के अलग-अलग कार्यक्रमों से प्राप्त अनुभवों का सरल मनोवैज्ञानिक लाभ लेने की हमारी योग्यता के साथ जुड़ी हैं। - शिंगर
उपर्युक्त परिभाषाओं से स्पष्ट होता है कि खेल मनोविज्ञान खेल नियमों, सिद्धान्तों का पालन करता हुआ खिलाड़ियों के मानसिक स्तर और व्यवहार के मध्य अंतःसम्बंध की जाँच करता है तथा खिलाड़ी के मानसिक स्तर को मजबूत करने की दिशा में कार्य करता है। इसके अतिरिक्त खेल से सम्बन्धितं विभिन्न परिस्थितियों का सामना करने के लिए खिलाड़ी को मानसिक रूप से तैयार करता है।
|