बी ए - एम ए >> बीए सेमेस्टर-4 राजनीति विज्ञान बीए सेमेस्टर-4 राजनीति विज्ञानसरल प्रश्नोत्तर समूह
|
5 पाठक हैं |
बीए सेमेस्टर-4 राजनीति विज्ञान - सरल प्रश्नोत्तर
अध्याय - 10
मैकियावली
(Machiavelli)
मैकियावली आधुनिक युग के आरम्भिक दौर का प्रसिद्ध इतालवी विचारक था। भारत के प्राचीन राजनीतिक चिन्तन में जो स्थान चाणक्य को प्राप्त है, वही स्थान पाश्चात्य राजनीतिक चिन्तन में इटली के मैकियावली को है। इस कूटनीतिज्ञ का जन्म इटली में पुनर्जागरण आन्दोलन के अग्रणी नगर फ्लोरेन्स के एक सामान्य परिवार में 1469 ई. में हुआ। समुचित शिक्षा ग्रहण करने के बाद 25 वर्ष की आयु में उसने अपने गणराज्य के गृह एवं विदेश कार्यालय में साधारण लिपिक के रूप में नौकरी प्रारम्भ की। उसकी विलक्षण योग्यता तथा प्रतिभा ने अधिकारियों को बहुत अधिक प्रभावित किया। लिपिक के पद पर चार वर्ष रहने के पश्चात् उसने गणराज्य के द्वितीय सचिव का उच्च पद प्राप्त कर लिया और 1512 ई. तक इस पद पर बना रहा। इस समय उसकी योग्यता से प्रभावित होकर उसे फ्लोरेन्स राज्य का राजदूत बनाकर विदेशों में भेजा गया।
सन् 1215 ई. तक फ्लोरेन्स के शासन पर फ्रांस का प्रभाव था, परन्तु उसी वर्ष फ्रान्स के प्रतिद्वन्द्वी स्पेन ने इटली पर आक्रमण कर दिया। फ्लोरेन्स की आतंकित जनता ने गणतन्त्रीय शासन समाप्त कर मैडियी वंश को शासन करने के लिए आमन्त्रित किया। सभी अधिकारियों के साथ मैकियावली को भी सरकारी पद से हटा दिया गया। कुछ दिनों बाद उस पर शासन के विरुद्ध षड्यन्त्रों का आरोप लगाकर उसे बन्दीगृह में डाल दिया गया। परन्तु वह एक वर्ष पश्चात् एक शर्त पर कारागार से मुक्त कर दिया गया। उसने जीवन के शेष 15 वर्ष सैन कैशियानो नामक गाँव में समाजसेवा और लेखन कार्य करते हुए व्यतीत किये। इस महान् विचारक की मृत्यु 1527 ई. में 58 वर्ष की अवस्था में हो गयी। इसकी अन्त्येष्टि बिना किसी सम्मान के एक निर्धन और साधारण व्यक्ति की भाँति कर दी गयी।
मैकियावली के महत्वपूर्ण कथन
राजा को शेर की तरह ताकतवर और लोमड़ी की भाँति चालाक होना चाहिए।
व्यक्ति अपने पिता की मृत्यु को भूल सकता है, किन्तु पैतृक सम्पत्ति को नहीं भूल सकता।
राजा को राज्य के विस्तार की चिन्ता करनी चाहिए, साधनों की पवित्रता की नहीं।
साध्य महत्त्वपूर्ण है साधन नहीं।
राज्य की स्थापना के लिए बल की जरूरत पड़ती है, परन्तु उसे कायम रखने के लिए छल की जरूरत होती है।
बुद्धिमान शासक व्यक्ति की हत्या भले कर दे, पर उसकी सम्पत्ति को न लूटे।
महत्वपूर्ण पुस्तकें
दि प्रिन्स
दि डिसकोर्सेज
फ्लोरेन्स का इतिहास
आर्ट ऑफ वार
इतिहास की दस पुस्तकों पर व्याख्याएँ आदि।
|